एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी: भारत ने दक्षिण कोरिया को 8-0 से हराया, सेमीफाइनल में फिर होगी भिड़ंत
एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में पांच बार की विजेता भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। सोमवार को खेले गए अपने पांचवें और अंतिम राउंड-रॉबिन मैच में भारत ने दक्षिण कोरिया को 8-0 से पराजित किया। इस बड़ी जीत के साथ भारतीय टीम प्रतियोगिता में अब तक अजेय बनी हुई है।
टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में बुधवार को भारत का सामना फिर से दक्षिण कोरिया से होगा। वहीं दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में जापान और मलेशिया की टीमें फाइनल में जगह बनाने के लिए खेलेंगी।