छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने जारी किया वर्ष 2027 का वार्षिक परीक्षा कैलेंडर, 85 पदों पर भर्ती को भी मंजूरी

छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने आगामी वर्ष 2027 के लिए विभिन्न प्रवेश और भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। निर्धारित तिथियों के अनुसार परीक्षाएं 10 जनवरी 2027 से आरंभ होकर 19 दिसंबर 2027 तक आयोजित की जाएंगी। इस वार्षिक कार्यक्रम में विभिन्न तकनीकी पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाओं सहित शासकीय विभागों की समूह आधारित भर्ती परीक्षाएं शामिल हैं।
मंडल के परीक्षा कार्यक्रम के तहत साल की शुरुआत 10 जनवरी को समूह-2 के उप समूह-2 की परीक्षा से होगी। इसके पश्चात 14 मार्च को समूह-1, 4 अप्रैल को समूह-6 के उप समूह-2 और 18 अप्रैल को समूह-3 के उप समूह-3 की परीक्षा तय की गई है। मई और जून के दौरान प्रवेश परीक्षाएं आयोजित होंगी, जिनमें 2 मई को पीपीटी व प्री बीएड, 9 मई को पीईटी व प्री एमएससी नर्सिंग, 23 मई को पीपीएचटी व प्री पोस्ट बेसिक नर्सिंग, 30 मई को प्री डीएलएड, 6 जून को प्री एमसीए व प्री बीएससी नर्सिंग तथा 13 जून को पीएटी और पीवीपीटी की परीक्षा होगी।
वर्ष के उत्तरार्ध में 11 जुलाई को समूह-2 के उप समूह-3, 25 जुलाई को समूह-5 और 29 अगस्त को समूह-6 के उप समूह-1 की परीक्षा निर्धारित है। इसके बाद 26 सितंबर को शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी टेट और 3 अक्टूबर को राज्य पात्रता परीक्षा यानी सेट का आयोजन होगा। वहीं 17 अक्टूबर को समूह-2 के उप समूह-1, 21 नवंबर को समूह-7 और 12 दिसंबर को समूह-4 की परीक्षा ली जाएगी। मंडल ने आकस्मिक परीक्षाओं के लिए 19 सितंबर, 28 नवंबर और 19 दिसंबर की तिथियां आरक्षित रखी हैं।
इधर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के तहत नगर निगमों में रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी आगे बढ़ी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर निगमों में स्वीकृत 1465 पदों में से 1127 पद रिक्त हैं। निगमों द्वारा भेजे गए 266 पदों के प्रस्ताव के विरुद्ध वित्त विभाग ने 17 अगस्त 2026 को 85 पदों पर सीधी भर्ती की स्वीकृति दी है। इनमें राजस्व निरीक्षक, सहायक राजस्व निरीक्षक, सहायक ग्रेड-3 और उप अभियंता के पद शामिल हैं, जिनकी विस्तृत अधिसूचना जल्द आने की संभावना है।