जांजगीर-चांपा में धान उपार्जन शुरू, पहले दिन नहीं बिकी उपज

जांजगीर-चांपा जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान की खरीद 15 नवंबर से आरंभ हो गई है। जनसंपर्क विभाग और जिला प्रशासन के अनुसार, इस कार्य के लिए 5 नए केंद्रों समेत कुल 134 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इस सत्र में धान विक्रय के लिए जिले के 1 लाख 28 हजार 719 किसानों ने अपना पंजीयन कराया है।
खरीदी के पहले दिन जिले के किसी भी उपार्जन केंद्र में धान की बिक्री दर्ज नहीं हुई। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के अनुसार, जांजगीर-चांपा में धान की देर से पकने वाली किस्मों की बुआई अधिक होने के कारण मंडियों में फसल की आवक आमतौर पर देरी से होती है। उन्होंने बताया कि पहले दिन कुछ किसानों ने केवल व्यवस्था परखने के लिए टोकन लिए थे। यदि कोई कृषक धान लेकर उपार्जन केंद्र पहुंचेगा तो नियमानुसार उसकी उपज तत्काल खरीदी जाएगी।
प्रशासनिक व्यवस्थाओं के तहत सभी 134 उपार्जन केंद्रों का भौतिक सत्यापन 36 बिंदुओं की चेकलिस्ट के आधार पर किया गया है। हर खरीदी केंद्र पर नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त राजस्व विभाग, खाद्य विभाग और सहकारिता शाखा के अमले समेत समिति प्रबंधकों और कंप्यूटर ऑपरेटरों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा चुका है। केंद्रों पर नजर रखने के लिए मार्कफेड द्वारा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनका संचालन विशेष कंट्रोल एंड कमांड सेंटर के माध्यम से होगा। इसकी निगरानी राज्य स्तर से भी की जाएगी।
जिले की सीमा किसी अन्य राज्य से नहीं लगती, इसलिए अवैध आवक रोकने के लिए अंतर-जिला सीमाओं पर जांच चौकियां बनाई गई हैं। नारायण बिर्रा और पंतोरा समेत तीन स्थानों पर चेक पोस्ट स्थापित कर उड़नदस्तों को तैनात किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, गिरदावरी में धान के स्थान पर अन्य फसल दर्ज होने जैसी करीब 10 हजार आपत्तियां ग्राम सभाओं और समितियों से मिली हैं। इन दावा-आपत्तियों को निराकरण के लिए राज्य स्तर पर भेजा गया है, जहां डिजिटल डाटा सिंक होने के साथ सुधार कार्य जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 12 नवंबर के सरकारी निर्देशानुसार किसानों को कृषक उन्नति योजना का लाभ उनके द्वारा वास्तव में बोए गए रकबे के आधार पर ही दिया जाएगा।