नवा रायपुर में शहरी अवसंरचना और वित्तीय प्रबंधन पर क्षेत्रीय कार्यशाला का आयोजन

नवा रायपुर के होटल मेफेयर लेक रिसॉर्ट में 21 अक्टूबर को अर्बन चैलेंज फंड और शहरी अवसंरचना वित्तपोषण पर एक दिवसीय क्षेत्रीय क्षमता निर्माण कार्यशाला शुरू हुई। जनसंपर्क विभाग के अनुसार इस सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रातः 10 बजे किया। इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू तथा उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव शामिल हुए। यह कार्यशाला राज्य के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा हुडको के साझे प्रयासों से आयोजित की गई।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री की मौजूदगी में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने हुडको तथा सेप्ट यूनिवर्सिटी के साथ दो अलग-अलग समझौतों पर दस्तखत किए। शासन का दावा है कि इन दोनों एमओयू से प्रदेश के नगरीय निकायों की वित्तीय स्थिति को मजबूती मिलेगी। साथ ही आधुनिक नगर नियोजन और ढांचागत परियोजनाओं में निजी निवेश के अवसर भी तैयार होंगे। कार्यशाला में देशभर के शहरी विकास विशेषज्ञों ने म्युनिसिपल बॉन्ड जारी करने, सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल अपनाने और सस्ते मकानों के प्रोजेक्ट को आर्थिक रूप से व्यावहारिक बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया।
समारोह के मुख्य सत्र को हुडको के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने संबोधित किया। वहीं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने राज्य की वर्तमान ढांचागत जरूरतों और प्राथमिकताओं को सामने रखा। अधिकारियों के अनुसार इस आयोजन का खास मकसद अर्बन इन्वेस्ट विंडो (UiWIN) और चैलेंज फंड के जरिए निकायों को निवेश योग्य परियोजनाएं तैयार करने के काबिल बनाना है।
दोपहर 12 बजे के बाद तीन तकनीकी सत्रों का सिलसिला शुरू हुआ। पहले तकनीकी सत्र में हुडको के महाप्रबंधक डॉ. विवेक ने अर्बन चैलेंज फंड और अर्बन इन्वेस्ट विंडो की कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रस्तुति दी। इसके बाद तेलंगाना सरकार की सचिव डॉ. टी.के. श्रीदेवी ने अपने राज्य के अनुभवों को अन्य प्रतिनिधियों के साथ साझा किया। विशेषज्ञों ने दीर्घकालिक वित्तीय प्रबंधन और नगरों के टिकाऊ विकास के लिए आधुनिक व्यवस्थाएं लागू करने पर बल दिया।