प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सफर पर 17 सितंबर से निकलेगी 20 यात्राएं, छत्तीसगढ़ समेत उत्तर भारत के राज्य होंगे शामिल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से विशेष अभियान शुरू करने जा रही है। पार्टी की योजना के तहत उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में कुल 20 यात्राएं निकाली जाएंगी। इनमें से 10 यात्राएं वड़नगर से वाराणसी की ओर तथा 10 यात्राएं वाराणसी से वड़नगर की ओर संचालित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के रूट इस तरह तय किए जा रहे हैं जिससे किसी भी यात्रा का मार्ग आपस में न टकराए।
यह अभियान गुजरात, राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा और दिल्ली से होकर गुजरेगा। पार्टी ने अब तक 13 रास्तों को अंतिम रूप दे दिया है और शेष मार्गों पर विचार-विमर्श जारी है। मध्यप्रदेश के सभी 55 जिलों को विभिन्न मार्गों के माध्यम से जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है। यात्रा के प्रबंधन और विभिन्न व्यवस्थाओं के संचालन हेतु नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
पार्टी की कार्ययोजना के अनुसार इस पहल का मकसद केवल राजनीतिक संपर्क तक सीमित नहीं है। प्रत्येक मुख्य पड़ाव पर जनभागीदारी, विकास कार्यों, सेवा गतिविधियों और वर्ष 2047 के विजन को प्रमुखता दी जाएगी। विभिन्न पड़ावों पर स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, विद्यार्थियों और युवाओं को जोड़ा जाएगा। साथ ही सरकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने और आवेदन प्रक्रिया में मदद के लिए सहायता डेस्क भी लगाए जाएंगे।
इस दौरान 25 आइकॉन पहल के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों से स्थानीय प्रेरक हस्तियों जैसे किसान, शिक्षक, खिलाड़ी और महिला उद्यमियों का चयन किया जाएगा। इनमें से 25 श्रेष्ठ व्यक्तियों की संक्षिप्त वीडियो कहानियां तैयार कर नमो ऐप पर प्रदर्शित करने की योजना है। इसके अलावा नागरिकों से चिट्ठी 2047 के नाम अभियान के तहत उनके क्षेत्र के विकास को लेकर सुझाव लिए जाएंगे।
कार्यक्रम के तहत बलिदानी वीरों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से जुड़े स्मारकों तथा स्थलों से मिट्टी कलश में एकत्र की जाएगी। यह मिट्टी बाद में वाराणसी के मुख्य आयोजन में अर्पित की जाएगी। चिन्हित पड़ावों पर आम नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर, परामर्श तथा जनवाणी रिकॉर्डिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।