बालोद के मेड़की में ब्लॉक का पहला आउटडोर मिनी स्टेडियम तैयार, पंचायत करेगी देखरेख

बालोद जिला मुख्यालय से तीन किलोमीटर दूर स्थित ग्राम मेड़की में विकासखंड का पहला आउटडोर मिनी स्टेडियम बनकर तैयार हो चुका है। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग के कार्यपालन अभियंता घनश्याम मारकंडे के अनुसार निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद परिसर के हस्तांतरण की प्रक्रिया संपन्न कर ली गई है। इसके साथ ही नवनिर्मित खेल परिसर का लोकार्पण भी हो गया है और मैदान के रखरखाव तथा निगरानी का जिम्मा संबंधित ग्राम पंचायत को सौंपा गया है।
इस खेल परिसर के उपलब्ध होने से मेड़की सहित सीमावर्ती क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अभ्यास की सुविधा मिलेगी। यहाँ स्थानीय युवा क्रिकेट, फुटबॉल, बॉस्केटबॉल, हैंडबॉल, खो-खो और एथलेटिक्स से जुड़ी विभिन्न स्पर्धाओं की तैयारी कर सकेंगे। समीपस्थ ग्राम बघमरा के खिलाड़ी और वहाँ संचालित माध्यमिक, उच्चतर तथा उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राएँ भी इस मैदान में खेलने पहुँचते हैं। इस बड़े परिसर के तैयार होने से जिला प्रशासन, खेल विभाग तथा त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के लिए ब्लॉक और जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के संचालन में आसानी होगी।
विभागीय ब्योरे के अनुसार 52 लाख रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट की रूपरेखा 2023 के विधानसभा चुनाव से पूर्व विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तथा नक्शा-खसरा तैयार कर तय की गई थी। निर्माण एजेंसी द्वारा दो ठेकेदारों के माध्यम से कार्य कराने और हस्तांतरण में विलंब के कारण खिलाड़ियों को सुविधा मिलने में समय लगा। निर्माण की पूर्णता और प्रमाण पत्र को लेकर ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग एवं ग्राम पंचायत ओरमा के बीच असहमति के चलते हैंडओवर प्रक्रिया कई महीने अटकी रही। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद जब मैदान सूख जाएगा, तब यहाँ नियमित खेल गतिविधियां गति पकड़ेंगी।
खेल विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जिले में 2017 से 2019 के मध्य 1.45 करोड़ रुपये खर्च कर ग्राम भीमपुरी में आउटडोर तथा डौंडीलोहारा एवं झलमला में इनडोर मिनी स्टेडियम बनाए गए थे। इनके अलावा गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र में मुढ़िया, मुजगहन, मार्रीबंगला, जेवरतला और कोटगांव में 50-50 लाख रुपये तथा चीचा, अर्जुन्दा एवं गणेशखपरी में 20-20 लाख रुपये की लागत से मिनी स्टेडियम निर्माण की योजनाएं भी प्रस्तावित हैं।