छत्तीसगढ़ में विमानन सेवाओं का विस्तार, अंबिकापुर से दिल्ली-कोलकाता उड़ान और बिलासपुर में नाइट लैंडिंग शुरू

छत्तीसगढ़ में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करते हुए उत्तर और मध्य क्षेत्र से नई हवाई सेवाओं की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी चंदखुरी से दरिमा स्थित माँ महामाया एयरपोर्ट से दिल्ली और कोलकाता के लिए नियमित विमान सेवा का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। इस रूट पर एलायंस एयर द्वारा 72 सीटों वाले एटीआर विमान का संचालन किया जा रहा है, जिससे सरगुजा संभाग सीधे देश के प्रमुख महानगरों से जुड़ गया है।
प्रशासन द्वारा जारी समय-सारणी के मुताबिक यह सेवा सप्ताह में दो दिन सोमवार और बुधवार को संचालित होगी। सोमवार को फ्लाइट सुबह 7.50 बजे दिल्ली से रवाना होकर 10.25 बजे बिलासपुर पहुँचेगी और वहाँ से 10.50 बजे उड़ान भरकर 11.35 बजे अंबिकापुर पहुँचेगी। वापसी में यह दोपहर 12.05 बजे अंबिकापुर से उड़कर 2.35 बजे दिल्ली पहुँचेगी। वहीं बुधवार को यह विमान सुबह 7.50 बजे दिल्ली से सीधी उड़ान भरकर 10.25 बजे अंबिकापुर पहुँचेगा और फिर 10.50 बजे वहाँ से चलकर 11.35 बजे बिलासपुर होते हुए दोपहर 2.40 बजे दिल्ली पहुँचेगा।
इधर बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट से रात्रिकालीन उड़ानों का संचालन भी औपचारिक रूप से शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री ने नाइट ऑपरेशन सुविधा का लोकार्पण किया और पहली रात्रि उड़ान में सवार होकर रायपुर पहुँचे। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में विधायक धरमलाल कौशिक और धर्मजीत सिंह भी शामिल रहे। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के अनुसार बिलासपुर में रात्रि उड़ान सुविधा से आपातकालीन और मेडिकल उड़ानों के संचालन में मदद मिलेगी, जबकि जगदलपुर में भी हवाई संपर्क विस्तार पर कार्य चल रहा है।
सड़क अधोसंरचना के मोर्चे पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट की। उन्होंने बिलासपुर में बोदरी से सेंदरी तक 32 किलोमीटर लंबे फोरलेन बायपास और भारतमाला परियोजना के तहत रायपुर से बिलासपुर तक 95 किलोमीटर लंबे सिक्स-लेन ग्रीनफील्ड मार्ग की मांग रखी। इसके अतिरिक्त मुंबई-नागपुर समृद्धि मार्ग का रायपुर तक विस्तार करने, 13 राष्ट्रीय राजमार्ग खंडों के उन्नयन और आठ राज्य मार्गों को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का प्रस्ताव भी सौंपा।