योजनारायपुर

अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति: सरकारी स्कूलों से उत्तीर्ण छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए मिलेगी सालाना 30 हजार रुपये की सहायता

प्रतीकात्मक तस्वीर · फ़ोटो: amarujala.com

छत्तीसगढ़ के शासकीय विद्यालयों से 10वीं और 12वीं की परीक्षा पास करने वाली छात्राओं को आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रति वर्ष 30 हजार रुपये की वित्तीय मदद दी जा रही है। जनसंपर्क विभाग के अनुसार, अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति के माध्यम से यह राशि उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि की बेटियों की उच्च शिक्षा बाधित न हो। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस योजना की शुरुआत करते हुए कहा कि बालिकाओं के शिक्षित होने से पूरी पीढ़ियां सशक्त बनती हैं।

इस योजना की पात्रता के तहत वे नियमित छात्राएं शामिल होंगी, जिन्होंने राज्य के सरकारी विद्यालयों से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की है। इसके अतिरिक्त, देश के किसी भी मान्यता प्राप्त उच्च शिक्षण संस्थान में स्नातक डिग्री अथवा डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में दाखिला लेने वाली छात्राएं इस सहायता की हकदार होंगी। शासन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य उच्च शिक्षा में बालिकाओं के सकल नामांकन अनुपात को बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है।

योजना में पंजीयन की व्यवस्था पूर्णतः निःशुल्क रखी गई है। पात्र छात्राएं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट अथवा निर्धारित क्यूआर कोड को स्कैन करके सीधे ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन की प्रक्रिया को दो चरणों में निर्धारित किया गया है, जिसके तहत छात्राएं तय समय-सीमा में अपना विवरण दर्ज करा सकती हैं। किसी भी प्रकार की अनिमियतता, धोखाधड़ी या शिकायत दर्ज कराने के लिए आधिकारिक ईमेल scholarship@azimpremjifoundation.org की सुविधा भी दी गई है।

मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा संस्थानों और महाविद्यालयों को निर्देश दिया है कि वे इस कल्याणकारी योजना की जानकारी व्यापक स्तर पर छात्राओं तक पहुंचाएं। शासन का मानना है कि प्रधानमंत्री के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ संकल्प को सशक्त करते हुए यह छात्रवृत्ति कम आय वर्ग के परिवारों की बेटियों को तकनीकी, व्यावसायिक और सामान्य उच्च शिक्षा हासिल करने में संबल प्रदान करेगी।

स्रोत