अमृत भारत स्टेशन योजना: प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश, गुजरात समेत चार राज्यों के 22 स्टेशनों का किया लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत 20 राज्यों में 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। पंजाब में आयोजित मुख्य समारोह से उन्होंने मध्य प्रदेश के 13, गुजरात के चार, छत्तीसगढ़ के तीन और झारखंड के दो स्टेशनों को यात्रियों को समर्पित किया। रेल मंत्रालय के अनुसार, पहले इन स्टेशनों पर बुनियादी ढाँचा ही उपलब्ध था, जिन्हें अब आधुनिक भवनों, लिफ्ट और फुट-ओवर-ब्रिज जैसी सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, स्टेशनों के पुनर्विकास में ‘विरासत भी, विकास भी’ की अवधारणा को आधार बनाया गया है। इसमें आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ स्थानीय संस्कृति, ऐतिहासिक स्थापत्य और क्षेत्रीय पहचान का समन्वय किया गया है। अधिकारियों का दावा है कि इस बुनियादी ढाँचे से क्षेत्रीय व्यापार, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन मिलेगा।
मध्य प्रदेश में कुल 13 स्टेशनों का कायाकल्प किया गया है। इस सूची में सांची, विदिशा, अशोकनगर, शिवपुरी, टीकमगढ़, छिंदवाड़ा, बालाघाट, ब्यौहारी, भिंड, हरपालपुर, जुन्नारदेव, एमसीएस छतरपुर और नैनपुर शामिल हैं। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में आने वाले सांची स्टेशन पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, स्थानीय विधायक प्रभुराम चौधरी और विधायक सुरेन्द्र पटवा उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री मोहन यादव टीकमगढ़ में आयोजित समारोह में शामिल हुए। विदिशा में राज्यसभा सदस्य रजनीश अग्रवाल और विधायक मुकेश टंडन, अशोकनगर में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी, जबकि शिवपुरी में विधायक देवेन्द्र कुमार जैन मौजूद रहे।
गुजरात में 109 करोड़ रुपये की लागत से चार स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया गया है। इनमें वडोदरा मंडल का प्रताप नगर, गोधरा, पोरबंदर और भक्तिनगर स्टेशन शामिल हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रताप नगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। इन चार नए प्रकल्पों के जुड़ने के बाद गुजरात में पुनर्विकसित अमृत भारत स्टेशनों की कुल संख्या 22 हो गई है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के तीन और झारखंड के दो स्टेशनों को भी रेल सुविधाओं के विस्तार के तहत लोकार्पित किया गया।