उपराष्ट्रपति के 2 सितंबर के रायपुर दौरे को लेकर मुख्य सचिव ने की प्रशासनिक समीक्षा

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आगामी 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ के प्रवास पर रहेंगे। वे रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगे। उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए राज्य के मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में वरिष्ठ अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली।
अधिकारियों के अनुसार मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि वीआईपी आगमन से जुड़ी समस्त व्यवस्थाएं केंद्र सरकार के तय प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट समय-सारणी के मुताबिक पूरी की जाएं। विमानतल से एम्स परिसर तक उपराष्ट्रपति के आवागमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, निर्बाध यातायात और प्रवेश-निकास मार्गों की सुव्यवस्थित योजना तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही हवाई अड्डे और आयोजन स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।
जनसंपर्क विभाग की विज्ञप्ति के अनुसार रायपुर कलेक्टर को विमानतल पर अगवानी, स्वागत पंक्ति और आयोजन स्थल पर प्रोटोकॉल से जुड़े सभी प्रबंध सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। गृह विभाग को सुरक्षा व्यवस्था के समन्वय का दायित्व सौंपा गया है। इसके अलावा संबंधित विभागों को आयोजन के दौरान ठहरने की व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था और आकस्मिक चिकित्सा सेवाओं की पूर्ण तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
दीक्षांत समारोह के संबंध में निर्देश दिए गए हैं कि मुख्य मंच और बैठक व्यवस्था भारत सरकार के प्रोटोकॉल और निर्धारित डायस प्लान के अनुरूप रखी जाए। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और वंदे मातरम् के साथ की जाएगी। एम्स प्रबंधन को भी अपने स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां समय-सीमा के भीतर पूरी करने के लिए कहा गया है। मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को परस्पर समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया।
मंत्रालय में आयोजित इस समन्वय बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल, रायपुर संभाग के कमिश्नर श्याम धावड़े, रायपुर आईजी, जिला कलेक्टर और एम्स के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।