कृषक उन्नति योजना: छत्तीसगढ़ में किसानों को 35,904 करोड़ रुपये का भुगतान, कोदो-कुटकी की खरीद 15 दिसंबर से

छत्तीसगढ़ सरकार के अनुसार कृषक उन्नति योजना के तहत प्रदेश के 25 लाख से अधिक काश्तकारों को 35 हजार 904 करोड़ 90 लाख रुपये की राशि दी जा चुकी है। कृषि मंत्री रामविचार नेताम तथा कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी ने नवा रायपुर के संवाद सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह विवरण पेश किया। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक यह पूरी सहायता राशि खरीफ 2023 से लेकर खरीफ 2025 तक के तीन कृषि सत्रों के दौरान सीधे कृषकों तक पहुंचाई गई है।
विभागीय जानकारी के अनुसार खरीफ सत्र 2023 के लिए 13,289 करोड़ रुपये, खरीफ 2024 में 11,976 करोड़ रुपये और खरीफ 2025 में 10,639 करोड़ रुपये का वितरण किया गया। कृषि मंत्री ने बताया कि इस व्यवस्था के अंतर्गत प्रत्येक कृषक को 13,839 रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से एक समान आदान सहायता राशि दी जाती है। इस प्रणाली के तहत किसान अपनी जरूरत के अनुसार उपज विक्रय कर सकते हैं। यदि कोई किसान तय रकबे के अनुपात में कम धान भी बेचता है, तब भी उसे नियमानुसार इस आर्थिक मदद का पात्र माना जाएगा।
फसलों के विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए धान के बदले दूसरी फसलें उगाने पर मिलने वाला अनुदान 11 हजार रुपये से बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ कर दिया गया है। शासन के अनुसार इस व्यवस्था के तहत 52 हजार से ज्यादा किसानों ने 28 हजार हेक्टेयर से अधिक रकबे का पंजीयन कराया है। इसके अतिरिक्त दलहन, तिलहन, मक्का, कपास तथा कोदो, कुटकी और रागी की खेती करने वालों को 10 हजार रुपये प्रति एकड़ सहायता देने का प्रावधान है। इस मद में 4 लाख 26 हजार 185 काश्तकारों ने 2 लाख 66 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र दर्ज कराया है।
केंद्र सरकार के प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान के जरिए न्यूनतम समर्थन मूल्य पर दलहन-तिलहन की सरकारी खरीद भी की गई। वर्ष 2025-26 के दौरान 29 जिलों में स्थापित 273 केंद्रों के जरिए अरहर, सोयाबीन, चना, मसूर और सरसों की कुल 3 लाख 72 हजार 39 क्विंटल फसल खरीदी गई। इसके एवज में किसानों को 219.08 करोड़ रुपये का भुगतान मिला। इसमें से 3 लाख 54 हजार 127 क्विंटल चना खरीद के पेटे 24 हजार 257 किसानों को 207.59 करोड़ रुपये मिले। कृषि विभाग के मुताबिक खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए कोदो, कुटकी और रागी की खरीद 15 दिसंबर से प्रारंभ होगी।