छत्तीसगढ़ को मिले 3.65 लाख नए प्रधानमंत्री आवास, सक्ती में खुलेगा कृषि विज्ञान केंद्र

छत्तीसगढ़ को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3 लाख 65 हजार 159 नए पक्के मकानों की अतिरिक्त स्वीकृति दी गई है। सक्ती ज़िले के ग्राम जेठा स्थित कॉलेज परिसर में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह के दौरान केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लगभग 2 लाख नवनिर्मित मकानों में हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया। अतिथियों ने लाभार्थियों को औपचारिक रूप से घरों की चाबियां सौंपीं। इस अवसर पर सक्ती ज़िले में कृषि विज्ञान केंद्र स्थापित करने का भी ऐलान किया गया।
केंद्रीय मंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि नए स्वीकृत 3.65 लाख से अधिक मकानों के निर्माण पर 4 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि खर्च की जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि राज्य में मौजूदा समय में हर दिन 1,600 से अधिक प्रधानमंत्री आवास बनाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त बस्तर संभाग में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के सर्वेक्षण कार्य की समय-सीमा को 31 अक्टूबर 2026 तक बढ़ा दिया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में ही 18 लाख आवासों की स्वीकृति का निर्णय लिया था। मुख्यमंत्री के अनुसार पिछले ढाई वर्षों के दौरान प्रदेश में 11.50 लाख से अधिक आवासों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि विगत दो वर्षों में राज्य के पात्र परिवारों को 17 लाख से ज्यादा आवास मुहैया कराए गए हैं।
केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में मैचिंग ग्रांट न मिलने से राशि रुकी रही, जिसके कारण तत्कालीन विभागीय मंत्री टीएस सिंहदेव को त्यागपत्र देना पड़ा था। उन्होंने कहा कि पक्के आवासों के साथ ही हितग्राहियों को शौचालय, उज्ज्वला योजना, निःशुल्क राशन, जल जीवन मिशन और आयुष्मान भारत जैसी मूलभूत जनसुविधाओं से भी जोड़ा जा रहा है।
समारोह में कृषि विविधीकरण पर बल देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य को सिर्फ धान उत्पादन तक सीमित न रखकर बागवानी, पुष्प, फल, सब्जी, पशुपालन और नर्सरी जैसे क्षेत्रों में भी आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने समन्वित कृषि प्रणाली अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि मधुमक्खी पालन, मत्स्य पालन और बकरी पालन के जरिए किसानों की आय बढ़ाई जा सकती है, जिसके लिए कृषि विज्ञान केंद्र तकनीकी मार्गदर्शन मुहैया कराएगा।