योजनारायपुर

छत्तीसगढ़ में 801 महिलाएं बनेंगी सोलर दीदी, 19 महिला संकुल संगठन बने अधिकृत वेंडर

प्रतीकात्मक तस्वीर · फ़ोटो: etvbharat.com

छत्तीसगढ़ में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से संबंधित 801 महिलाओं को चिन्हित कर सौर ऊर्जा क्षेत्र से जोड़ने की तैयारी की गई है। जनसंपर्क विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक राज्य में संचालित ‘द्वीप्ति’ (डिसेंट्रलाइज्ड वूमेन एम्पावरमेंट ऑन एनर्जी एंड पॉलिसी फॉर ट्रांसफॉर्मेटिव इन्क्लूजन) योजना के माध्यम से इन महिलाओं को ‘सोलर दीदी’ की भूमिका दी जा रही है। इन्हें केंद्र सरकार की ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ से जोड़कर तकनीकी कार्यों के साथ-साथ व्यावसायिक जिम्मेदारियां भी सौंपी जा रही हैं।

शासकीय आंकड़ों के अनुसार अब तक 19 महिला संकुल स्तरीय संगठनों (सीएलएफ) को अधिकृत सोलर वेंडर के रूप में पंजीकृत किया गया है। अधिकारियों के अनुसार विभिन्न ज़िलों में अब तक 94 सोलर सिस्टम लगाने का काम पूरा हो चुका है, जबकि 415 अन्य संयंत्रों की स्थापना प्रक्रियाधीन है। यह पूरी कार्ययोजना पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा तकनीकी सहयोगी संस्था ‘ट्रांसफॉर्म रूरल इंडिया’ के समन्वय से ग्रीन इकोनॉमी ट्रांजिशन मिशन के तहत संचालित की जा रही है।

शासन का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को केवल लाभार्थी तक सीमित रखने के बजाय उन्हें ऊर्जा उद्यमी, तकनीशियन, प्रबंधक और अधिकृत वेंडर के रूप में तैयार करना है। स्वयं सहायता समूहों के संकुल संगठनों को सौर ऊर्जा उपकरणों की स्थापना, संचालन तथा रखरखाव के व्यावसायिक अधिकार दिए जा रहे हैं। अधिकारियों का दावा है कि इस व्यवस्था से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ ऊर्जा की पहुंच बढ़ेगी और महिलाओं को पारंपरिक कार्यों से अलग आधुनिक तकनीकी आजीविका से जोड़ा जा सकेगा।

योजना के मैदानी क्रियान्वयन को लेकर जनसंपर्क विभाग ने कबीरधाम ज़िले की प्रगति का उल्लेख किया है। वहां कवर्धा स्थित वंदेमातरम् महिला संकुल स्तरीय संगठन को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अधिकृत वेंडर के रूप में नामांकित किया गया है। इस संगठन से जुड़ी प्रशिक्षित महिलाएं स्थानीय स्तर पर तकनीकी व व्यावसायिक कार्यों का प्रबंधन संभाल रही हैं। सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार यह संपूर्ण कवायद केंद्र सरकार के ‘लखपति दीदी’ संकल्प को गति देने और ग्रामीण आजीविका को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आगे बढ़ाई जा रही है।

स्रोत