छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए परिसर में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट होगा पेश, नवा रायपुर में पहली बार प्रस्तुति

छत्तीसगढ़ सरकार का वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट 24 फरवरी 2026 को दोपहर 12:30 बजे राज्य विधानसभा में पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी नवा रायपुर अटल नगर परिसर में तैयार नए विधानभवन में पहली बार आय-व्ययक प्रस्तुत करेंगे। वित्त मंत्री ने बताया कि इस बार का बजट नवीन थीम पर आधारित रहेगा।
राज्य की छठवीं विधानसभा का आठवां सत्र सोमवार को राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण के साथ आरंभ हुआ। विधानसभा पहुंचने पर राज्यपाल का स्वागत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह और नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत ने किया। सदन में अभिभाषण देते हुए राज्यपाल ने कहा कि राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नए विधानभवन का लोकार्पण किया गया था। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से वर्ष 2047 तक राज्य को विकसित बनाने का लक्ष्य तय किया गया है।
संसदीय कार्यसूची के तहत पेश बजट पर सामान्य चर्चा 26 और 27 फरवरी 2026 को निर्धारित की गई है। इसके पश्चात 9 से 17 मार्च 2026 तक सदन में विभिन्न विभागों से जुड़ी अनुदान मांगों पर चर्चा होगी। आय-व्ययक से संबंधित विनियोग विधेयक 17 मार्च को पुनर्स्थापित किया जाएगा, जिसके बाद 18 मार्च 2026 को उस पर विचार और पारण होगा। बजट सत्र के प्रथम दिन अविभाजित मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व सदस्य दीनदयाल सिंह पोर्ते के निधन पर सदन में शोक उल्लेख भी हुआ।
राज्यपाल ने अभिभाषण में बताया कि शासन की प्राथमिक नीतियों में अंत्योदय और महिला सशक्तिकरण शामिल हैं, जिसके तहत चालू वर्ष को महतारी गौरव वर्ष के तौर पर मनाया जा रहा है। सरकार के आंकड़ों के अनुसार इस सत्र में 25 लाख 24 हजार किसानों से समर्थन मूल्य पर 141.04 लाख मीट्रिक टन धान खरीदकर 33 हजार 431 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। इसके साथ ही कृषक उन्नति योजना के तहत होली पूर्व 10 हजार 292 करोड़ रुपये का भुगतान करने का निर्णय लिया गया है। वहीं राज्य में 24 लाख 72 हजार किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से लाभान्वित हो रहे हैं तथा दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत 5 लाख से अधिक पंजीकृत मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।