बस्तर में सड़कों और पुलों का निर्माण दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश, धीमी प्रगति पर अनुबंध रद्द करने की चेतावनी

बस्तर संभाग में अधोसंरचना के विकास को गति देने के लिए निर्माणाधीन सड़क और पुल परियोजनाओं को आगामी दिसंबर तक पूर्ण करने की समय-सीमा तय की गई है। नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने विभागीय अधिकारियों, अभियंताओं और निर्माण एजेंसियों को ये निर्देश दिए।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, केंद्र सरकार की आरआरपी और आरसीपीएलडब्ल्यूईए योजनाओं के अंतर्गत बस्तर संभाग के ज़िलों में चल रहे सड़क, पुल-पुलिया और भवन निर्माण कार्यों की स्थिति का ब्योरा लिया गया। बैठक में बस्तर परिक्षेत्र के सभी नौ संभागों में कार्यरत ठेकेदारों को 10 सितंबर तक धरातल पर कार्यों की स्पष्ट प्रगति दर्शाने के निर्देश दिए गए। निर्धारित समय में अपेक्षित प्रगति न लाने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने और उनके अनुबंध निरस्त करने की चेतावनी दी गई है।
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने निर्माण एजेंसियों से मैदानी स्तर पर आ रही व्यावहारिक दिक्कतों की जानकारी ली और उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश विभागीय अमले को दिए। उन्होंने मैदानी अभियंताओं को सप्ताह में दो से तीन दिन अनिवार्य रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने तथा उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता जांचने को कहा। इसके साथ ही प्रत्येक पंद्रह दिन में परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने की व्यवस्था तय की गई है।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर तय समय-सारणी का पालन कराएं। साथ ही किए गए कार्यों का भौतिक सत्यापन पूरा होने के बाद नियमित भुगतान की प्रक्रिया जारी रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के प्राथमिकता वाले कार्यों के प्राक्कलन और पहुंचविहीन गांवों को जोड़ने वाली प्रस्तावित सड़कों और पुलों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।