मिशन अमृत 2.0: अहिवारा, मुंगेली और कांकेर में 7.29 करोड़ से बनेंगे आधुनिक उद्यान

छत्तीसगढ़ शासन ने मिशन अमृत 2.0 के तहत अहिवारा, मुंगेली और कांकेर नगर पालिका क्षेत्रों में सार्वजनिक उद्यानों के निर्माण के लिए 7 करोड़ 29 लाख 24 हजार रुपये की प्रशासकीय मंजूरी दी है। जनसंपर्क विभाग के अनुसार इन तीनों शहरों के पार्कों में कुल 8,732 पौधे रोपे जाएंगे। इन विकास कार्यों को एक वर्ष की अवधि में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
शासकीय विवरण के अनुसार क्षेत्रफल के आधार पर सबसे बड़ा परिसर मुंगेली में बनेगा। वहाँ पेंड्राकांपा स्थित महाराणा प्रताप वार्ड में 3.08 एकड़ भूमि पर 3 करोड़ 52 लाख 32 हजार रुपये की लागत से पार्क का निर्माण होगा। इस स्थल पर लगभग 4,453 पौधे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही बच्चों के लिए खेल उपकरण, ओपन जिम, पैदल पथ, बैठने के स्थान, प्रसाधन सुविधा, गज़ेबो, प्रकाश व्यवस्था और वर्षा जल संचयन की व्यवस्था की जाएगी।
दुर्ग ज़िले के अहिवारा नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक-1 के शीतला मंदिर परिसर में 0.52 एकड़ रकबे पर 2 करोड़ 7 लाख 48 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। यहाँ लगभग 2,115 पौधे रोपे जाएंगे। इस उद्यान में सौर ऊर्जा लाइट, ओपन जिम, पाथवे, टॉयलेट ब्लॉक, गज़ेबो और रेन वाटर हार्वेस्टिंग का प्रावधान रखा गया है। वहीं कांकेर नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-9 श्रीराम नगर में 0.72 एकड़ भूमि पर 1 करोड़ 69 लाख 44 हजार रुपये से पार्क विकसित होगा। इस परिसर में 2,164 पौधे लगाने के अलावा प्ले-इक्विपमेंट, सोलर लाइट और जल संचयन ढांचा तैयार होगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के अनुसार शहरों में नागरिक ढांचे के साथ हरित सार्वजनिक स्थलों का विकास जरूरी है, जिससे सभी वर्गों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने स्पष्ट किया है कि निर्माण पूर्ण होने के उपरांत आगामी पाँच वर्षों तक चयनित एजेंसी ही परिसरों के संचालन और संधारण का दायित्व संभालेगी। नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने अधिकारियों को गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए तय समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश जारी किए हैं।