सक्ती में 121.70 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत, 3.65 लाख नए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत

सक्ती ज़िले के ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 121.70 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 38 विकास कार्यों की शुरुआत की।
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, इस कार्यक्रम में 79.25 करोड़ रुपये की लागत वाली 23 नई परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया। इसके साथ ही 42.45 करोड़ रुपये के 15 पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का लोकार्पण संपन्न हुआ। नई अधोसंरचना में 22 किलोमीटर लंबे देवरघटा-सपिया मार्ग के उन्नयन सहित छुहीपाली से सेमराडीह, अण्डी से सातबहिनिया तथा नगझर से नवापारा सड़क का कार्य शामिल है। ग्रामीण स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए कटेकोनी बड़े, बसंतपुर, साराडीह, पेंडरुवा, फरसवानी, तुषार, ठनगन और करौंवाडीह में नए उप स्वास्थ्य केंद्र भवन बनाए जाएंगे।
समारोह में शासकीय कन्या महाविद्यालय सक्ती, मालखरौदा के बेदराम शासकीय महाविद्यालय के नए भवनों, लाइवलीहुड संस्थान, पुलिस लाइन नंदौरखुर्द में आधुनिक शस्त्रागार तथा अचानकपुर, सिंघरा और जेठा में महतारी सदन के भवनों की आधारशिला भी रखी गई।
केंद्रीय मंत्री ने सक्ती में किसानों के तकनीकी मार्गदर्शन के लिए नया कृषि विज्ञान केंद्र स्थापित करने का एलान किया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ के लिए 4 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत के 3,65,159 अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए हैं। इसके अलावा बस्तर संभाग में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के सर्वेक्षण की अंतिम तारीख बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2026 कर दी गई है।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश भर में तैयार लगभग 2 लाख नवनिर्मित मकानों के हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया गया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्तमान में राज्य में हर दिन 1,600 से अधिक मकान बनाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि प्रदेश सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में ही 18 लाख आवासों की मंजूरी दी थी और पिछले ढाई वर्षों में 11.50 लाख से अधिक आवास पूर्ण हो चुके हैं।