छत्तीसगढ़ बजट 2026-27: 1.72 लाख करोड़ रुपये का वित्तीय खाका पेश, बस्तर और सरगुजा अंचल पर विशेष ध्यान

छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1.72 लाख करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया है। राज्य निर्माण के समय लगभग 5 हजार करोड़ रुपये के आकार से शुरू हुआ यह बजट अब 35 गुना विस्तार ले चुका है। वित्त मंत्री के अनुसार यह वित्तीय प्रस्ताव संकल्प थीम पर आधारित है और राज्य को सुशासन से समृद्धि की ओर ले जाने का प्रयास है।
बजट घोषणाओं के अनुसार आदिवासी बहुल बस्तर और सरगुजा संभागों की प्राथमिकताओं को केंद्र में रखा गया है। बस्तर ओलंपिक की तर्ज पर अब सरगुजा ओलंपिक आयोजित करने का निर्णय हुआ है, जिसके तहत पांच-पांच करोड़ रुपये रखे गए हैं। अबूझमाड़ और जगरगुंडा क्षेत्रों में दो नई एजुकेशन सिटी तैयार करने हेतु 100 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। इसके अतिरिक्त बस्तर तथा सरगुजा-जशपुर विकास प्राधिकरणों के लिए 75 करोड़ और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान हेतु 200 करोड़ रुपये निर्धारित हैं। बैगा एवं पुजारियों को प्रोत्साहन राशि देने के लिए तीन करोड़ रुपये तय किए गए हैं। वहीं स्थानीय सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने के लिए 1,500 बस्तर फाइटर्स पदों के सृजन की घोषणा शामिल है।
दोनों संभागों में पशुपालन गतिविधियों और अतिरिक्त पोषण सहायता के लिए 15-15 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। बस्तर नेट परियोजना और मैनपाट में पर्यटन संवर्धन हेतु पांच-पांच करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। शासन ने पांच विशेष मिशनों की रूपरेखा रखी है, जिनमें मुख्यमंत्री एआई मिशन, मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन, मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन, मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन और मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं एनआईपीयूएन मिशन शामिल हैं।
चिकित्सा ढांचे के तहत दंतेवाड़ा, मनेंद्रगढ़, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा और कुनकुरी में नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे। रायपुर में होम्योपैथी कॉलेज खोलने की योजना है। बस्तर, सरगुजा और दंतेवाड़ा मेडिकल कॉलेजों के संचालन के लिए 50 करोड़ रुपये रखे गए हैं। राजधानी के मेकाहारा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीक के उपयोग और एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट के लिए 10-10 करोड़ रुपये दिए गए हैं। मेडिकल कॉलेज इंटर्न हॉस्टल हेतु 35 करोड़ और आयुष्मान योजना के संचालन के लिए 1,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।