शासन-प्रशासनरायपुर

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026: 36 श्रेणियों में राज्य अलंकरण पुरस्कारों की घोषणा

प्रतीकात्मक तस्वीर · फ़ोटो: amarujala.com

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित होने वाले राज्योत्सव 2026 के तहत राज्य अलंकरण पुरस्कारों का एलान कर दिया गया है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने रायपुर स्थित महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय परिसर के सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान इन सम्मानों की सूची जारी की। अधिकारियों के मुताबिक, समाजसेवा, कला, साहित्य, संस्कृति, पत्रकारिता, खेल, कृषि, सहकारिता और लोकपरंपराओं के संवर्धन में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को 36 श्रेणियों में अलंकृत किया जाएगा। इस आयोजन में ज़मीनी स्तर पर सक्रिय प्रतिभाओं के साथ कई संगठनों को भी सम्मान सूची में जगह दी गई है।

आधिकारिक सूची के अनुसार, महिला उत्थान के क्षेत्र में गरियाबंद के लोक आस्था सेवा संस्थान (लता नेताम) को मिनीमाता सम्मान दिया जाएगा। सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान के लिए गुरु घासीदास सम्मान कवर्धा ज़िले के सुखदेव भारस्कर के नाम घोषित हुआ है। सहकारिता के क्षेत्र का प्रतिष्ठित ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार बस्तर ज़िले के चित्रकोट स्थित प्राथमिक कुडुक मछुवा सहकारी समिति मर्यादित के धनसिंह ध्रुव को मिलेगा। रायगढ़ ज़िले के बाबूलाल अग्रवाल को सामाजिक समरसता के लिए महाराजा अग्रसेन सम्मान से नवाज़ा जाएगा। सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक योगदान की श्रेणी में बिलासपुर के नेहरू नगर स्थित तेजस्विनी सेवा प्रतिष्ठान को पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान मिलेगा।

आदिवासी कल्याण एवं खेलकूद के क्षेत्र में धमतरी ज़िले के हुमन लाल ध्रुव को शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान और कोरबा ज़िले की संजू देवी को गुण्डाधुर सम्मान प्रदान किया जाएगा। दुर्ग ज़िले के कुंडारी स्थित विश्व गीता धेनु गोविन्द पक्षी सेवा धाम को यति यतनलाल सम्मान के लिए चुना गया है। बालोद ज़िले के हेमन कुमार को महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान दिया जाएगा।

साहित्य और संस्कृति के दायरे में रायपुर ज़िले के डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर को हबीब तनवीर सम्मान, डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति को चक्रधर सम्मान तथा रेखा जलक्षत्री को दाऊ मंदराजी सम्मान मिलेगा। रायगढ़ ज़िले के डॉ. बिहारीलाल साहू को पं. सुन्दरलाल शर्मा सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।

पत्रकारिता के क्षेत्र में चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार के तहत प्रिंट मीडिया हिंदी श्रेणी में रायपुर के प्रमोद कुमार साहू और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया हिंदी श्रेणी में बरुण सखाजी व रसिका पाण्डेय को चुना गया है। रायपुर के शिशिर रॉय चौधरी को प्रिंट मीडिया अंग्रेजी श्रेणी में मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार दिया जाएगा। कृषि के क्षेत्र में कवर्धा के पुनीदास भट्ट को डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार तथा चिकित्सा सेवा के लिए धमतरी के डॉ. दिनेश कुमार नाग को धन्वन्तरि सम्मान मिलेगा।

स्रोत