दुर्ग ज़िले के तीन नगर निगमों में 402 करोड़ रुपये के कार्यों की शुरुआत, रिसाली के लिए 137 करोड़ की घोषणाएं
दुर्ग ज़िले के तीनों नगर निगम क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और विकास से जुड़े कार्यों के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 402 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक लागत के 362 निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया है। इनमें 39 तैयार परियोजनाओं का औपचारिक लोकार्पण तथा 323 नए कार्यों का शिलान्यास शामिल है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अकेले रिसाली नगर निगम क्षेत्र के लिए लगभग 137 करोड़ रुपये लागत की चार नई योजनाओं की घोषणा की।
प्रशासनिक विवरण के अनुसार, रिसाली के वार्ड क्रमांक 18 स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह घोषणाएं की गईं। नई घोषणाओं में 134 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से बनने वाली वृहद पेयजल योजना सबसे प्रमुख है। शासन का दावा है कि इस परियोजना के तैयार होने पर निगम क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की निर्बाध आपूर्ति संभव होगी। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 1 से 40 तक प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 2 करोड़ रुपये तथा नेवई और जोरातराई स्थित मुक्तिधामों के उन्नयन व विकास हेतु पचास-पचास लाख रुपये आवंटित करने की घोषणा शामिल है। रिसाली में 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत के पूर्व स्वीकृत 2 कार्यों का लोकार्पण और 22 कार्यों का भूमिपूजन भी संपन्न हुआ।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने भिलाई नगर निगम के तहत 23 कार्यों का लोकार्पण और 182 कार्यों का भूमिपूजन किया, जबकि भिलाई-चरोदा नगर निगम में 11 कार्यों का लोकार्पण और 97 कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इसके अतिरिक्त अहिवारा नगर पालिका और विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाएं भी इस पूरे कार्यक्रम में शामिल रहीं।
कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने भिलाई के सेक्टर-6 में महिला थाना के पास 35 लाख रुपये की लागत से तैयार रेंज साइबर क्राइम पुलिस थाना भवन तथा रुआबांधा पुलिस चौकी का उद्घाटन किया। अधिकारियों के अनुसार यह साइबर थाना दुर्ग, बालोद और बेमेतरा ज़िलों में ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया अपराधों की पड़ताल करेगा। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इधर कार्यक्रम से पूर्व विरोध-प्रदर्शन की तैयारी कर रहे एनएसयूआई पदाधिकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया।