छत्तीसगढ़ मंत्रालय में प्रशासनिक फेरबदल, 22 उप और अवर सचिवों के बदले प्रभार

छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने मंत्रालय स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य सचिवालय सेवा के 22 अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया है। 25 सितंबर को जारी आधिकारिक आदेश के तहत उप सचिव और अवर सचिव स्तर के अधिकारियों को नवीन जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं। इस फेरबदल के दायरे में गृह, स्वास्थ्य, वित्त, स्कूल शिक्षा और नगरीय प्रशासन समेत कई प्रमुख विभाग शामिल हैं।
आदेश के मुताबिक उप सचिव स्तर पर डॉ. विवेक श्रीवास को जेल विभाग के साथ गृह विभाग का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। मगनलाल पवार को वाणिज्य एवं उद्योग विभाग से स्थानांतरित कर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में पदस्थ किया गया है। रोमन गंगाकचूर को वित्त विभाग के दायित्व से मुक्त करते हुए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की कमान दी गई है।
मार्टिन लकड़ा को पशुधन विकास एवं मछली पालन विभाग से हटाकर धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग भेजा गया है। रामेश्वर प्रसाद वर्मा को स्कूल शिक्षा विभाग से सहकारिता विभाग में स्थानांतरित किया गया है। शांता खरे को वित्त विभाग की जगह ग्रामोद्योग विभाग तथा रेखा साहू को संसदीय कार्य विभाग के स्थान पर जन शिकायत निवारण विभाग का प्रभार मिला है। वहीं सुभाषचंद कुजूर महिला एवं बाल विकास विभाग में अपनी मौजूदा जिम्मेदारी संभालेंगे, जिसके बाद लवीना पांडेय अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो जाएंगी।
अवर सचिव स्तर के अधिकारियों में भी व्यापक फेरबदल किया गया है। अमितोष जॉन को खाद्य विभाग से वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग और सुनीता गौतम को परिवहन विभाग से सामान्य प्रशासन विभाग के कक्ष-4 में पदस्थ किया गया है। दीपकुमार खेस्स को ग्रामोद्योग विभाग से खेल एवं युवा कल्याण विभाग में स्थानांतरित किया गया है।
नूतन अजगर को चिकित्सा शिक्षा विभाग से पशुधन विकास एवं मछली पालन विभाग भेजा गया है। भोलेनाथ सारथी को वन विभाग के स्थान पर संसदीय कार्य विभाग, जावे कच्छप को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से स्कूल शिक्षा विभाग तथा मंजूषा राजपूत को मछली पालन विभाग से हटाकर योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग में पदस्थ किया गया है।